मथुरा: कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़, जमीन पर बिखरी मिली नेहरू-अंबेडकर की तस्वीरें

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2020 - 07:17 PM (IST)

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला कांग्रेस कार्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। जहां देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू व संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें जमीन पर पड़ी मिली। वहीं इस घटना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की है।

जिलाध्यक्ष पार्टी नेताओं संग दफ्तर पहुंचे तो उड़े होश
बता दें कि 2 जून को कांग्रेसियों ने जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर आदोलन की जानकारी दी थी। जिसके अगले दिन जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी सहित कई अन्य पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसी क्रम में शनिवार को जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष पार्टी नेताओं संग दफ्तर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।

असामाजिक तत्व या विरोधी दल ने की तोड़फोड़: जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी, पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर उपाध्याय व अन्य लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।  करीब एक घंटे बाद कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह काम किसी असामाजिक तत्व या विरोधी दल का है। इसकी सूचना पार्टी के बड़े पदाधिकारियों को दे दी गई है। 

तोड़फोड़ करने का उद्देश्य समझ में नहीं आ रहा: कोतवाली प्रभारी
कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय का ताला बाहर से बंद था। ऐसे में तोड़फोड़ करने का उद्देश्य समझ में नहीं आ रहा। फिर भी केस दर्ज कर जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।

 

Edited By

Umakant yadav