मथुरा में बोले CM योगी- कांग्रेस आतंकवाद की संरक्षक, BJP खिलाती है गोली

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2019 - 07:33 AM (IST)

मथुरा: कांग्रेस को तबाही की संज्ञा से नवाजते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देती है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार उन्हें बिरयानी की बजाय गोली खिलाती है।

मथुरा में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि देश में तबाही का नाम कांग्रेस है, इस तबाही को मत आने दीजिए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी किसानों से कहते हैं कि वे खेत में टाइल्स लगा देंगे। वास्तव में कांग्रेस हमारे अन्नदाता को तबाह करने में जुटी है। कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देती है, आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है। लेकिन भाजपा सरकार आतंकवादियों को बिरयानी नहीं, बल्कि गोली खिलाती है। वे गोली चलाते हैं तो यहां से गोला भी दागा जाता है। ये कार्य सिर्फ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं।

योगी ने कहा कि मथुरा के विकास के लिए 5 साल में आपकी सांसद हेमा मालिनी 250 बार यहां की यात्रा कर चुकी हैं जबकि लगातार कई बार से सांसद चुने जा रहे राहुल गांधी और सोनिया गांधी 250 बार अमेठी और रायबरेली नहीं गए होंगे। हेमा मालिनी यहां सेवा कर के खुद को धन्य मानती हैं।

समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। उत्तर प्रदेश में दंगे, अराजकता, गुंडागर्दी का बोलबाला था। व्यापारियों से सपा-बसपा सरकार में गुंडा टैक्स वसूला जाता था लेकिन केंद्र के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद तीन संकल्प लिए गए जिसमें पहला लघु सीमांत किसानों का 1 लाख रुपए का कर्ज माफी, दूसरा अवैध बूचड़ खाने को बंद करना और तीसरा संकल्प प्रदेश में बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो का गठन करना शामिल था। इन तीनों का क्रियान्वयन सफलतापूर्वक किया गया।

Anil Kapoor