वित्तमंत्री सीतारमण को यूपी की शिल्पकलाओं के 100 नमूने भेजेंगे: कांग्रेस

punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 06:39 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया और उनके बयान को उत्तर प्रदेश के लोगों का अपमान बताते हुए कहा कि यूपी की शिल्पकलाओं के 100 नमूने वित्त मंत्री को भेजे जायेंगे ताकि उन्हे यहां की विविधता और कौशल की जानकारी हो सके।  

यूपी कांग्रेस के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ.पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि वित्त मंत्री ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बजट की आलोचना को ‘यूपी टाइप जवाब' बताया है। यह बयान उत्तर प्रदेश के प्रति उनकी मानसिकता को दिखाता है। यही वजह है कि बजट में उत्तर प्रदेश को लेकर कोई विशेष घोषणा नहीं की गयी। कांग्रेस उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से 100 शिल्पकलाओं के नमूनों को वित्तमंत्री को भेजेगी, ताकि उन्हें पता चल सके की उत्तर प्रदेश की खासियत उसका शिल्प, गुणवत्ता और कलाकारी है। 

उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री ने एक ऐसे प्रदेश का अपमान किया है, जो न केवल अपनी राजनीतिक चेतना के लिए जाना जाता है। बल्कि उसका अपना बौद्धिक इतिहास रहा है। वर्तमान में देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री इसी प्रदेश से हैं, बावजूद इसके उत्तर प्रदेश की बौद्धिकता पर सवाल उठाना राज्य की अस्मिता का अपमान करने जैसा है। उत्तर प्रदेश का अपमान करके निर्मला सीतारमन राम और कृष्ण की धरती का अपमान कर रही हैं।

श्रीवास्तव ने कहा कि अपमानजनक टिप्पणी के जवाब में पूरे प्रदेश में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन का पुतला फूंका गया। कई जिलों में पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि वित्तमंत्री तत्काल अपना बयान वापस लें और माफ़ी मांगें। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj