गांधी जयंती पर कांग्रेस ने दिखाई ताकत, प्रियंका के नेतृत्व में निकाली 2 किमी लंबी संदेश यात्रा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 02, 2019 - 04:05 PM (IST)

लखनऊः राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 2 किमी लंबी मौन पद यात्रा निकाली, जिसे संदेश यात्रा का नाम दिया गया।

अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से लखनऊ पहुंचीं कांग्रेस महासचिव सबसे पहले गोमती नदी के तट पर स्थित शहीद स्मारक गई और शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की। इसके बाद शुरू हुई पदयात्रा में हजारों की तादाद में कांग्रेसियों ने हिस्सा लिया। शहीद स्मारक से बाहर आते वक्त भीड़ कुछ समय के लिए बेकाबू हो गई।

हरी सफेद साड़ी में कांग्रेसी नेता भीड़ को देखकर गदगद नजर आईं। हालांकि, मौन यात्रा के चलते उनकी भावभंगिमा शांत रही। इस दौरान कई कार्यकर्ता कांग्रेसी नेता को अपना चेहरा दिखाने को लालयित दिखे। जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर आकर यात्रा का समापन हो गया जहां राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

सफल रही कांग्रेस की मौन पदयात्राः विनोद मिश्रा
पदयात्रा में हिस्सा लेने वाले वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विनोद मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस की मौन पदयात्रा बेहद सफल रही, जिसमें कांग्रेसियों के अलावा स्थानीय लोगों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जिला प्रशासन के लिए हालांकि पदयात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात सुगम रखना एक कड़ी चुनौती रहा।

Deepika Rajput