विपक्ष पर बरसे केशव मौर्य, कहा- कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश और प्रदेश को किया बर्बाद

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2020 - 06:38 PM (IST)

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने देश और उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने में कोई कोर कसर नही छोड़ी, 60 साल तक देश में तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी की राजनीति करने वाले अब छह साल की मोदी सरकार पर सवाल खड़ा कर रहे है।       

मौर्य ने शुक्रवार को यहां नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के बादशाहपुर गांव में स्थित किसान इंटर कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा को संंबोधित करते हुए कहा कि 60 सालों तक देश को बर्बाद करने वाले अब छह साल की मोदी सरकार पर सवाल खड़ा कर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश को बर्बाद करने का काम किया है। विपक्ष को विकास अच्छा नही लग रहा है। इसकी भ्रष्टाचार की दुकाने बंद हो गयी है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी की राजनीति करने वालों को अब जवाब देने का समय आ गया है।

कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के आकस्मिक निधन के बाद नौगावां सादात विधानसभा के लिए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिवंगत नेता की पत्नी श्रीमती संगीता चौहान के समर्थन में बादशाह पुर के खचाखच भरे मैदान में आयोजित चुनाव रैली को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है, विकास कर रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश विकास की दौड़ में निरंतर आगे बढ रहा है।

उन्होंने कहा कि अमरोहा के लोग बडे धन्यभागी हैं, उन्हें पवित्र मां गंगा तिगरी धाम का आर्शीवाद प्राप्त है। भारत के प्रसिद्ध ओपनर क्रिकेटर व पूर्व खेल मंत्री स्व. चेतन चौहान को याद करते हुए कहा कि जो धरती पर आया है उसे एक दिन जाना है।लेकिन अफसोस है कि चेतन जी हम सबको असमय छोड़कर चले गए। उन्होंने उपचुनाव में जीत के लिए अमरोहा की जनता से आर्शीवाद मांगा तथा भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे लगवाए।       

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static