सेवादल के प्रयास से मजबूत होगी कांग्रेसः बृजलाल खाबरी

punjabkesari.in Tuesday, Nov 15, 2022 - 02:42 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि सेवादल की मजबूती ही कांग्रेस मजबूत होगी। खाबरी सोमवार को प्रदेश कार्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल की प्रांतीय कार्यकारिणी व जिला-शहर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में संगठन को गतिशील बनाने व नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। इस बीच, कांग्रेस कार्यालय में पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती मनाई गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सेवादल का सम्मान मुख्य रूप से कांग्रेस का सम्मान है। सेवादल की मजबूती ही कांग्रेस की मजबूती है। सेवादल के साथियों को उत्तर प्रदेश कांग्रेस में भी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी । उन्होंने कहा कि देश की आजादी कांग्रेस के संघर्ष का ही परिणाम है। आज भी कांग्रेस अंग्रेजों के र राजनीतिक उत्तराधिकारियों से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव नजदीक है। हम सभी को  मिलकर इस में अच्छा  प्रदर्शन करना है।

चार सदस्यीय समिति गठित

उत्तर प्रदेश कांग्रेस सूचना का अधिकार विभाग की बैठक सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस सूचना का अधिकार विभाग के चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव ने की। बैठक में नगर निकाय चुनाव की तैयारी के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी में प्रदेश सूचना का अधिकार विभाग कांग्रेस के उपाध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव, मुगीस जिलानी, डॉक्टर अमित उठवाल व रफत अली शामिल हैं। कमेटी पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक आवेदकों की रिपोर्ट सूचना का अधिकार विभाग को सौंपेगी।

 

Content Writer

Ajay kumar