सोनिया के खिलाफ टिप्पणी पर कांग्रेसियों में उबाल, स्मृति ईरानी के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

punjabkesari.in Friday, Jul 29, 2022 - 07:18 PM (IST)

अमेठी/लखनऊ: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति अमर्यादित टिप्पणी का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और अमेठी में केन्द्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद स्मृति ईरानी के विरोध में प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका।  गौरीगंज मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री का पुतला फूंक कर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस बल के बीच काफी नोक झोंक हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मृति ईरानी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुतला दहन को रोकने का प्रयास करते हुए कांग्रेस यूथ के अध्यक्ष शुभम सिंह पुलिस ने घसीट कर उठा लिया।

कांग्रेस प्रवक्ता अरविंद चतुर्वेदी ने कहा की बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी ने जिस तरीके से सोनिया गांधी का अपमान किया है ।यह अपमान पूरे देश और कांग्रेस जनों का अपमान है। हम इसका कड़े शब्दो में निंदा करते है। उन्होंने कहा कि अमेठी का आंदोलन तो एक नमूना है। अभी पूरे देश में बहुत बड़ा आंदोलन है। वे हम लोगों को जेल में भी नही रख पाएंगे। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक स्मृति ईरानी की बर्खास्तगी नही होगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद अधीर रंजन द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति अभद्र टिप्पणी को लेकर गुरुवार को सदन मे श्रीमती ईरानी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच काफी बहस हुई थी। उधर लखनऊ में प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के महासचिव शिवम त्रिपाठी ने कहा कि स्मृति ईरानी बौखलाहट में संसद में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर अनाप-शनाप टिप्पणी करती हैं। कांग्रेस ईरानी के संसद में बयान में कड़ी निन्दा करती है और आगाह करती है कि उनके द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर की गयी असंसदीय टिप्पणी के विरोध में उत्तर प्रदेश में स्मृति ईरानी को घुसने नहीं देगी। स्मृति ईरानी अपने इस कुकृत्य के लिए सोनिया गांधी जी और पूरे देश से माफी मांगें। पुतला फूंकने वालों में शिवम त्रिपाठी, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान, जिलाध्यक्ष अंकित तिवारी एवं सैय्यद इमरान आदि शामिल थे।

 

Content Writer

Ramkesh