समाज में नफरत फैलाने वाली ताकतों की साजिश देश के लिए खतरा: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Aug 06, 2018 - 08:02 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नफरत फैलाने वाली ताकतों की साजिश को समाज के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि हमें उन लोगों से सावधान रहने की जरूरत है जो झूठ और फरेब से साम्प्रदायिकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यादव ने जनेश्वर मिश्र की 86वी जयंती पर गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की। छोटे लोहिया नाम से मशहूर स्वर्गीय मिश्र की जयंती राजधानी लखनऊ तथा प्रदेश के सभी जिलों में मनाई गई। लखनऊ में मुख्य समारोह जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमतीनगर लखनऊ में सम्पन्न हुआ जहां उनकी प्रतिमा पर पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर यादव ने अरविन्द गिरि के नेतृत्व में बलिया से लखनऊ तक साइकिल यात्रा कर आए नौजवानों का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। जय शंकर पांडेय, अरूण त्रिपाठी और अमरेश मिश्र द्वारा लिखित पुस्तक ‘जनेश्वर मिश्र एक योद्धा की समाजवादी यात्रा’ का अखिलेश यादव ने विमोचन किया।  उपेन्द्र मणि त्रिपाठी ने अपनी ‘जय जनेश्वर’ पुस्तक भेंट की।

अखिलेश यादव ने मिश्र को याद करते हुए कहा कि वे गरीब, किसान, नौजवान सहित हर वर्ग के नेता थे। उन्होंने सांप्रदायिक ताकतों के विरूद्ध संघर्ष किया। आज नफरत फैलाने वाली ताकतों की साजिश समाज के लिए खतरा है। उन्होंने कहा भाजपा झूठ, फरेब और साम्प्रदायिकता की बातें कर बहकाने का खेल खेलती है। हमें भाजपा के खेल से सावधान रहना होगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकारों के पास अपना काम गिनाने को कुछ भी नहीं है। वे हमारे शिलान्यास का शिलान्यास और उद्घाटन के उद्घाटन करने जैसे काम में ही लगे हैं। 60 हजार करोड़ के निवेश की चर्चा तो खूब हुई लेकिन एक भी उद्योगपति को किसी बैंक से लोन नहीं मिला। नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार चौपट हुआ तो जनधन योजना के सारे खाते बंद हो गए हैं। गैस सिलेंडर के नाम पर धोखा दिया गया है। मंहगाई बढ़ रही है।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल यात्राओं से सन 2012 में विधानसभा चुनावों का माहौल समाजवादी पार्टी के पक्ष में बना था। इधर नौजवान फिर जिलों से साइकिल यात्राएं निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका भी मन साइकिल चलाने का हो रहा है और हर महीने लम्बी साइकिल यात्रा करूंगा। उन्होंने कहा उनके घर को लेकर दुष्प्रचार हो रहा है जबकि लड़ाई घर की नहीं है। उन्होने कहा कि 4 विक्रमादित्य मार्ग का आवास छोड़ने के बाद रात में हथौड़ा-कुदाल लेकर लोग गए थे। सुबह कुछ खास टीवी चैनल वालों को भी बुलाया गया। उन्होंने कहा इनके नाम बताने वालों को  11 लाख रूपए का इनाम दिया जाएगा। कार्यकर्ता 2-2 हजार रुपए इकट्ठा करके उन्हे इनाम में देंगे।

Anil Kapoor