जल्द होगा 21 नए बस अड्डों का निर्माण: स्वतंत्र देव सिंह

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 06:56 PM (IST)

बुलन्दशहरः परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के इरादे से उत्तर प्रदेश का परिवहन विभाग जल्द ही 21 नए बस अड्डों का निर्माण करेगा।  परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान विभाग ने 122 करोड रूपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया है जो समूचे देश के परिवहन विभागों में अव्वल है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार सूबे में 21 नए बस स्टेन्ड खोलेगी जिसकी सभी प्रक्रियाऐं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 तक राज्य का हर गांव रोडवेज बसों की जद में होगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे और उन्हें पुलिस नियंत्रण कक्ष से जोड़ा जाएगा।  

मंत्री ने कहा कि सभी जनसेवा केन्द्र प्रदेश में पहली बार आनलाईन होगें तथा इनको परिवहन विभाग से जोड़ दिया जाएगा। इसके अलावा वाहन लाईसेंस तथा ई.चालान की सुविधा ब्लाक स्तर पर उपलब्ध करायी जाएंगी। बुलन्दशहर के विकास के लिऐ बनाई गई 395 करोड़ रूपये की योजना को उन्होने स्वीकृति प्रदान कर शासन को भेज दी हैं। जल्द ही इस राशि से जिले का विकास किया जाएगा।  

Ruby