UP के पूर्व CM कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार, PM मोदी ने फोन पर ली जानकारी

punjabkesari.in Friday, Jul 09, 2021 - 09:43 PM (IST)

लखनऊ/नई दिल्‍ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्ध नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। राजधानी लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में उनका इलाज चल रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर राजस्थान के राज्यपाल रह चुके कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

भाजपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता और बिहार सरकार के मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को एसजीपीजीआई पहुंचकर सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के मद्देनजर एसजीपीजीआई ने शुक्रवार सुबह उनके स्वास्थ्य के बारे में बुलेटिन जारी किया, जो आम तौर पर शाम के समय जारी किया जाता है। बुलेटिन में कहा गया कि गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती सिंह की हालत बेहतर है। संस्थान ने कहा, ‘‘हृदय रोग, तंत्रिका रोग, गुर्दा रोग विशेषज्ञों समेत वरिष्ठ चिकित्सकों का दल उनके उपचार में जुटा है।'' शुक्रवार की शाम जारी बुलेटिन में भी पूर्व मुख्यमंत्री की हालत में सुधार बताया गया। एसजीपीजीआई के निदेशक आर के धीमन स्वयं सिंह के इलाज पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

गौरतलब है कि सिंह गत 21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में भर्ती कराए गए थे। संस्थान के अनुसार, तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण सिंह को दिल का हल्का दौरा पड़ा, जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद चार जुलाई को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। सिंह के स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘देशभर के असंख्य लोग कल्याण सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कल जे पी नड्डा (भाजपा अध्यक्ष), योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) और अन्य नेताओं ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की। मैंने अभी उनके पोते से बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।'' भाजपा अध्यक्ष नड्डा और मुख्यमंत्री योगी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने बृहस्पतिवार को कल्याण सिंह से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह जानकर कि जे पी नड्डा जी से बातचीत के दौरान कल्याण सिंह जी ने मुझे याद किया, मैं भावुक हो गया। कल्याण सिंह जी के साथ हुई मुलाकातों से जुड़ी कई यादें हैं। वो लम्हे मुझे फिर याद आ गए। उनके साथ बात करना हमेशा सीखने का अनुभव हुआ करता है।'' बिहार सरकार के मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा ''आज लखनऊ के पीजीआई अस्पताल पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय श्री कल्याण सिंह जी से मिला और उनका कुशलक्षेम जाना। उनकी सेहत में काफी सुधार है। उन्होंने बात की और आशीर्वाद भी दिया।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static