शादी में राेड़ा बना कोरोनाः दुल्हन ने बिना दूल्हे के कबूला निकाह

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2020 - 12:51 PM (IST)

शाहजहांपुर: कोरोना वायरस के चलते यूपी के शाहजहांपुर में बिना दूल्हे के बारात दुल्हन के घर पहुंची। जिसके बाद वीडियो कॉलिंग के जरिए विदेश में बैठे दूल्हे ने निकाह कबूल किया। कोरोना के चलते वीडियो कॉलिंग के साथ हुआ निकाह शाहजहांपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल ऑनलाइन हुई शादी से लोगों ने जमकर एक दूसरे को बधाई दी है।

बता दें कि कोरोना के प्रकोप के चलते शाहजहांपुर में अब तक की सबसे अनोखी शादी हुई है। इस शादी में बाराती तो है लेकिन दूल्हा नहीं है। क्योंकि दूल्हा सात समंदर पार मॉरिशस में है। जिसने वीडियो कॉलिंग के जरिए अपनी होने वाली दुल्हन के साथ निकाह कबूल किया है। दरअसल शहर के अंटा चौराहे के रहने वाले तौसीफ की शादी निगोही कस्बे की रहने वाली लड़की के साथ तय हुई थी। शादी का दिन 19 मार्च 2020 तय किया गया।

लेकिन कोरोना के चलते मॉरिशस से आने वाली सभी फ्लाइट्स पर प्रतिबंध लगा दिया गया। जिसके बाद दूल्हे ने ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के जरिए शादी करने का फैसला किया। घर वाले बारातियों के साथ शादी कराने के लिए निगोही पहुंचे। जहां पहले काजी ने लड़की से निकाह कबूल करवाया। इसके बाद मॉरिशस में बैठे दूल्हे को वीडियो कॉलिंग के जरिए निकाह कबूल करवाया गया। 1 लाख 51 हज़ार के मेहर के साथ दोनों की ऑनलाइन शादी कबूल हो गई। बिना दूल्हे के शादी में बाराती इस बात को लेकर बेहद उत्सुक नजर आए की शादी ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के जरिए हुई है। फिलहाल सभी ने एक-दूसरे को जमकर बधाई दी।

कोरोना वायरस के चलते लोग अपने हर कार्यक्रम को टाल रहे हैं। लेकिन मॉरिशस में इंजीनियर के पद पर काम करने वाले तौसीफ ने अपनी शादी तय वक्त पर ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के जरिए की। फिलहाल बारात अपने घर वापस लौट गई है। दोनों ही घरों में जश्न का माहौल है।

Ajay kumar