कोरोना का कहरः सऊदी अरब में ‘उमरा’ पर लगी रोक, लखनऊ एयरपोर्ट से वापस हुए 128 यात्री

punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2020 - 01:37 PM (IST)

लखनऊः हज के बाद दूसरी प्रमुख तीर्थयात्रा होता है ‘उमरा’ जिसे करने के लिए वर्ष भर दुनियाभर के लोग सऊदी अरब आते-जाते रहते हैं। वहीं चीन में फैले कोरोना वायरस के कहर के डर से सऊदी सरकार ने अपने यहां 13 मार्च तक उमरे पर रोक लगा दी है। UP के तमाम जिलों से उमरे पर जाने वाले 128 यात्रियों को लखनऊ एयरपोर्ट से वापस कर दिया गया।

वापस करने से नाराज यात्रियों ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर काफी हंगामा किया। उनकी शिकायत थी कि अगर ऐसा कोई प्रतिबंध है तो हमें पहले से क्यों नहीं बताया गया? लोग इस बात से खासे नाराज दिखे। हालांकि यह प्रतिबंध एंप्लॉयमेंट वीजा से यात्रा करने वाले यात्रियों पर लागू नहीं होगा यानी एंप्लॉयमेंट वीजा से यात्रा करने वाले लोगों को सऊदी गणराज्य में प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

लोगों ने कहा कि हम बहुत दूर-दूर से आए हैं और अब अचानक सऊदी जाने के लिये रोके जाने से हमारे सामने समस्याएं हैं। जब एयरलाइंस ने उनको इस बात के लिये आश्वस्त किया कि जो यात्री एयरपोर्ट से वापस किए गए हैं उनका वीजा बरकरार रहेगा यानी जब भी उमरा या विजिट वीजा से यात्रा का प्रतिबंध हटेगा तो उनको उसी वीजा और टिकट पर यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद लोग अपने घरों को वापस रवाना हुए।

बता दें कि सऊदी सरकार ने यह प्रतिबंध दुनिया के सभी देशों पर प्रभावी किया है हालांकि उमरा वीजा और विजिट विजा से सऊदी गणराज्य जाने वाले यात्रियों पर यह प्रतिबंध अस्थाई तौर पर लगाया गया है। बुधवार को लखनऊ और दिल्ली से गई दोनों उड़ानों के उमरा यात्रियों को भी सऊदी में प्रवेश की इजाजत नहीं दी गई। यह दोनों फ्लाइटें रात लगभग 12 बजे से पहले पहुंची थीं लेकिन उनको भी वापस कर दिया गया। वहीं कोलकाता से सऊदी अरब जा रहे इतिहाद फ्लाइट को बीच रास्ते दुबई से वापस कोलकाता भेज दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static