कोरोना संकट: मुंबई से मिर्जापुर लौटे 3 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि, कुल संख्या 5 हुई

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2020 - 03:58 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर जारी है। जैसे ही अन्य राज्यों में फंसे लोग प्रदेश में आ रहे हैं वैसे ही मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इसी बीच जनपद मिर्जापुर में 3 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीनों इसी हफ्ते मुंबई से लौटे थे। इससे पहले शुक्रवार को मुंबई से लौटी एक महिला कोरोना पॉजिटिव माली थी। नए पॉजिटिव मिले तीन मरीजों में दो इसी महिला के देवर और बेटे हैं। एक अन्य मरीज पड़री के पहाड़ा गांव का निवासी है। जो 8 मई को मुंबई से आया था। इस तरह जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 5 हो गई है।

बता दें कि कछवां थाना क्षेत्र के पीरखां वार्ड मोहल्ला निवासी महिला अपने परिवार के साथ मुंबई से रिजर्व वाहन कर यहां लौटी थी। परिवार के चौदह सदस्यों के साथ 4 मई को जिले में आयी थी। मुंबई से लौटने पर जिला प्रशासन ने महिला सहित सभी सदस्यों को पड़री स्थित शिवलोक महाविद्यालय में बने क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया था।

महिला विंध्याचल के कोरोना वार्ड में भर्ती
जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम ने उसी दिन महिला सहित परिवार के नौ सदस्यों का सैंपल लेकर प्रयागराज मेडिकल कालेज लैब कोरोना जांच के लिए भेजा था। दोपहर लगभग दो बजे प्रयागराज से आयी रिपोर्ट में महिला कोरोना संक्रमित निकली थी। संक्रमित महिला को विंध्याचल के कोरोना वार्ड में भर्ती कर इलाज हो रहा है। अब उसके बेटे और देवर को भी वहीं भेजा जा रहा है। 

Edited By

Umakant yadav