आगरा में कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 752, CMO और AD हटाए गए

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2020 - 11:36 AM (IST)

आगराः आगरा में रविवार रात तक कोरोना वायरस के नौ नये मामले सामने आने से जिले में इसके कुल मामले बढ़कर 752 हो गए हैं। यह जानकारी जिलाधिकारी ने दी। आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के अनुसार रविवार को रात 9.25 बजे तक कोरोना वायरस के नौ नए मामले सामने आए हैं। इससे कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 752 हो गई है। इन नए मामलों में एसएन मेडिकल कॉलेज की जूनियर डॉक्टर भी शामिल है। साथ ही एक वार्डबॉय भी संक्रमित पाया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार 752 मरीजों में से 326 मरीजों ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। वहीं 25 की मौत हो चुकी है। 401 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस बीच आगरा में कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए पांच नोडल अधिकारी नियुक्ति किए गए हैं। ये नोडल अधिकारी आगरा में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए काम करेंगे।

आगरा में कोरोना की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद आगरा के सीएमओ और एडी को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर नई तैनाती कर दी है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने इस संबंध में रविवार को आदेश जारी कर दिया है। हटाए गए दोनों जून में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

हाल में आगरा के विशेष कार्याधिकारी बनाए गए डॉ. आरसी पांडेय को मुख्य चिकित्साधिकारी बनाया गया है। इस पर रहे डा. मुकेश कुमार वत्स को डीएम कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इसी तरह विशेष कार्याधिकारी बनाए गए डॉ. अविनाश सिंह को आगरा का अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आगरा मंडल बनाया गया है। इस पद पर रहे डॉ. एके मित्तल को मंडलायुक्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।



 

Ajay kumar