कानपुर में पकड़े गए झारखंड के कोरोना पॉजिटिव युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2020 - 07:05 PM (IST)

कानपुरः कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रकोप तेजी से देश में पांव पसारता दिख जा रहा है। फिलहाल राहत की कोई आस नजर नहीं आ रही है। वहीं गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में पकड़े गए झारखंड के एक कोरोना पॉजिटिव युवक जो कि सरसौल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। वहां पर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अभी इस बात की जांच कर रहा था कि युवक कानपुर देहात कैसे आया। इसी बीच आइसोलेशन वार्ड में युवक ने सैनिटाइजर पीकर जान देने की कोशिश की। आत्महत्या की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। फौरन कांशीराम ट्रामा सेंटर युवक को लाया गया पर डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद युवक को हैलट अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हैलट अस्पताल के CMS प्रो. आरके मौर्या ने बताया कि CMO और अपर निदेशक स्वास्थ्य के निर्देश पर संक्रमित युवक को कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन में भर्ती कराया गया है। विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम युवक का इलाज कर रही है। चार से पांच घंटे के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

सरसौल CHC अधीक्षक एसएल वर्मा ने बताया कि युवक को मिर्गी का दौरा भी पड़ता है। कानपुर देहात प्रशासन इस बात की जानकारी जुटाने में जुटा है कि झारखंड का यह युवक लॉकडाउन पीरियड में कानपुर देहात कैसे आया। सूत्रों के मुताबिक यह युवक महाराष्ट्र में रहता था और झारखंड जा रहा था।

 

Author

Moulshree Tripathi