Covid-19: UP में शनिवार को कोरोना के रिकॉर्ड 71 हजार हुए टेस्ट

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2020 - 10:40 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार सोमवार से कोरोना संदिग्धों के एक लाख नमूने प्रतिदिन टेस्ट करने का संकल्प उस समय पूरा होता दिखा जब शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में कोविड-19 के 71 हजार से अधिक नमूने टेस्ट किये गये।

अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि प्रदेश में टेस्टिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश में कल एक दिन में 71,881 सैम्पल की जांच की गयी, जो अब तक सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार कोविड-19 की जांच में 18 लाख का आकड़ा पार करते हुए प्रदेश में अब तक लगभग 18,34,297 सैम्पल की जांच की गयी है। प्रदेश में 23,921 कोरोना के मामले एक्टिव हैं। अब तक 41,681 मरीज पूरी तरह से उपचारित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पूल टेस्ट के अन्तर्गत कुल 2,764 पूल की जांच की गयी, जिसमें 2534 पूल 5-5 सैम्पल के तथा 230 पूल 10-10 सैम्पल की जांच की गयी।

टण्डन ने बताया कि प्रदेश में सर्विलांस की कार्यवाही के अन्तर्गत 1,90,282 सर्विलांस टीम द्वारा लगभग 1.37 करोड़ घरों के लगभग 6.96 करोड़ लोगों का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2,792 लोग होम आइसोलेशन में रखे गये हैं। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि देश में अब तक कुल 14.49 करोड़ लोगों ने आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड किया है। इसमें सर्वाधिक उत्तर प्रदेश के लोगों की संख्या 2.47 करोड़ है। 


 

Tamanna Bhardwaj