कोरोनाः UP बीजेपी ने जरूरतमंदों के लिए बनाई समन्वय समिति, हेल्पलाइन नंबर किया जारी

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2020 - 10:09 AM (IST)

लखनऊः खतरनाक कोरोना वायरस से पूरी दुनिया जंग लड़ रही है। ऐसे में लॉकडाउन के दौरान देश में लोगों को कई मुसीबतों का सामना भी करना पड़ रहा है। ऐसे में मदद की तौर पर उत्तर प्रदेश में भाजपा ने जरूरतमंदों व गरीबों को भोजन और रोजमर्रा की जरूरत का सामान उपलब्ध कराने के लिए अभियान शुरु किया है। पार्टी ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

बता दें कि प्रदेश में इस पूरे अभियान के लिए एक समन्वय समिति बनाई गई है, जो क्षेत्र व जिला स्तर पर लगातार संपर्क में रहेगी और किसी तरह की कठिनाई आने पर हर संभव मदद भी करेगी। वहीं जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 0522-2200187 पर कोई भी जरुरतमंद संपर्क कर सकता है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने इसके लिए पूरा खाका तैयार कर दिया है। वहीं क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम तय किये गए हैं जो स्थानीय स्तर पर काम को देखेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा है। हमें मिलकर कोरोना महामारी को हराना है। मानवता के इस महाअभियान में लगे सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार है। उन्होंने कहा कि देश और समाज की आवश्यकता के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता तन, मन, धन और अपने सामर्थ्य के अनुसार संकट की घड़ी में खड़ा है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई जगह पर आज गरीबों को भोजन पैकेट उपलब्ध कराए। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार जरूरतमंदों को आवश्यक खाद्य सामग्री व अन्य सामान भी मुहैया कराया।

पार्टी के राज्य मुख्यालय से प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित अवध और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के साथ समन्वय का कार्य करेंगे जबकि सह मुख्यालय प्रभारी चौधरी, लक्ष्मण सिंह गोरखपुर और काशी क्षेत्र तथा अतुल अवस्थी पश्चिम और ब्रज क्षेत्र के पार्टी संगठन के साथ समन्वय स्थापित कर जरुरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static