प्रेमी जोड़े का संदिग्ध परिस्थितियों में जला मिला शव, ऑनर किलिंग की आशंका

punjabkesari.in Tuesday, Oct 19, 2021 - 02:58 PM (IST)

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 22 साल के युवक और 16 साल की लड़की के कंकाल धान के खेत में मिले। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दोनों प्रेमी युगल थे। इनकी हत्या करने के बाद एसिड से जलाया गया है। इसलिए शव कंकाल में तब्दील हो गए है।

जानिए क्या है पूरा मामला?
बता दें कि मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भिखरियापुर गांव का है। जहां पर 12 अक्टूबर से प्रेमी युगल लापता थे। गांव वालों ने बताया कि इन दोनों के परिवार वाले इनको एक हफ्ते से तलाश कर रहे थे। लेकिन अचानक इन दोनों का कंकाल गांव के ही पास धान के खेत में मिला। इनकी पहचान कंकाल के पास से मिली मोबाइल और चप्पलों से की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लड़के का नाम बालकिशन, उम्र 22 साल है वहीं, लड़की की उम्र 16 साल है।

क्या कहती है पुलिस?
सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, दोनों प्रेमी युगल की हत्या की गई है फिर उनके शवों को  एसिड डालकर जलाया गया है। कंकाल के पास मिले सामानों से परिजनों ने इनकी पहचान कर ली है। दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल व लापता होने के बाद की लोकेशन निकलवाई जा रही है। हत्या क्यों की और किसने की इसका पता लगाया जा रहा है।

गौरतलब है कि बीते सप्ताह दोनों मृतक के परिजनों ने अपने-अपने बच्चे की लापता होने की तहरीर थाने में दी थी। बालकिशन के पिता चेतराम ने 13 अक्टूबर को बेटे को मारपीट कर अगवा कर ले जाने व हत्या करने की आशंका जताई थी, जबकि लड़की के पिता ने आरोप लगाया था कि बालकिशन उनकी बेटी को साथ ले गया है। हालांकि दोनों के तहरीर  के पुलिस ने गंभीरता से नही लिया।

 

 

 

 

 

Content Writer

Umakant yadav