इश्क का खौफनाक अंत! UP में एक ही फंदे से झूल गया प्रेमी युगल, लंबे समय से दोनों का चल रहा था प्रेम-प्रसंग, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 05:09 PM (IST)
Barabanki News : बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह जब गांव के लोग अपने खेतों की ओर निकले तो गांव की सरहद पर स्थित एक पेड़ से लटकते दो शवों को देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। 22 वर्षीय हारून और 20 वर्षीय शीबा के बेजान शरीर एक ही फंदे से झूल रहे थे। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। हर तरफ बस एक ही चर्चा थी कि आखिर इस प्रेम कहानी का इतना दर्दनाक अंत कैसे हो गया।
गांव की गलियों में दबी जुबान से चर्चा है कि हारून और शीबा लंबे समय से एक-दूसरे के करीब थे और साथ जीने-मरने की कसमें खा चुके थे। वे अपने इस रिश्ते को निकाह के मुकाम तक ले जाना चाहते थे लेकिन सामाजिक और पारिवारिक बंदिशें उनके सपनों के आड़े आ रही थीं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और दोनों की शादी के पक्ष में नहीं थे। इसी विरोध और मानसिक दबाव ने शायद इन दोनों युवाओं को मौत के रास्ते पर धकेल दिया। हालांकि पुलिस अभी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि करने में जुटी है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने घेरे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी बारीकी से साक्ष्य जुटाए ताकि मौत के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके क्योंकि फंदे पर लटके दोनों शवों के पैर जमीन से लगे हुए थे। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत होता है लेकिन वे ऑनर किलिंग या किसी बाहरी दबाव जैसे हर संभावित पहलू पर नजर रख रहे हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पूरी तफ्तीश इस बात पर टिकी है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकलकर आता है।

