भाकपा का UP में 8 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला, जानिए किन सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2024 - 10:01 AM (IST)

कानपुरः इंडिया गठबंधन में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इंडिया गठबंधन में उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। भाकपा ने गुरुवार को पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, तीन अन्य सीटों पर जल्द निर्णय लेने की बात कही है। इसके साथ ही दुद्धी विधानसभा उपचुनाव में भी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। हालांकि भाकपा का कहना है कि प्रदेश में अन्य सभी सीटों पर वह भाजपा को हराने के लिए प्रचार करेगी।

भाकपा ने इन सीटों पर तय किए उम्मीदवार
भाकपा के लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व प्रदेश प्रभारी डॉ. गिरीश और राज्य सचिव अरविन्द राज स्वरूप ने बताया कि पार्टी ने शाहजहांपुर से सुरेश कुमार 'नेताजी', फैजाबाद से पूर्व आईपीएस अरविंद सेन यादव, लालगंज (आजमगढ़) से गंगा दीन और घोसी से विनोद राय व राबर्ट्सगंज से अशोक कुमार कनौजिया को प्रत्याशी बनाया है।



इन सीटों पर भी प्रत्याशी उतारने का विचार कर रही भाकपा
इसी के साथ पार्टी वाराणसी, धौरहरा, बांदा, बलिया व सलेमपुर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने को लेकर विचार कर रही है। इनमें से किन्हीं तीन सीटों पर पार्टी प्रत्याशी उतारेगी।

माकपा ने 44 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। पार्टी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर साझा की गई सूची के मुताबिक इनमें केरल के 15 उम्मीदवार शामिल हैं। यहां अलाप्पुझा से मौजूदा सांसद एएम आरिफ, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा और राज्यसभा सदस्य इलामारम करीम शामिल हैं। माकपा ने पश्चिम बंगाल के लिए भी 17 नामों की घोषणा की है, जिनमें मुर्शिदाबाद से मोहम्मद सलीम का नाम भी शामिल हैं। पार्टी की राज्य इकाई ने पहले ही नामों की घोषणा कर दी थी। तमिलनाडु से दो उम्मीदवारों के नाम हैं। मदुरै से मौजूदा सांसद एस वेंकटेशन और डिंडीगुल से आर सचिदानंदम को टिकट दिया गया है। पार्टी ने बिहार, झारखंड, असम, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना तथा त्रिपुरा के लिए भी एक-एक उम्मीदवार की घोषणा की है।

Content Writer

Ajay kumar