यूपी में अपराधी बेखौफ, भाजपा पदाधिकारी को मारी गोली

punjabkesari.in Saturday, Jan 29, 2022 - 07:41 PM (IST)

इटावा: जिले में भारतीय जनता पार्टी के मंडल स्तरीय एक युवा पदाधिकारी को मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जय प्रकाश सिंह ने शनिवार को बताया कि फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अन्तर्गत राजमार्ग के ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार की शाम भाजपा युवा मोर्चा के इकदिल मंडल अध्‍यक्ष अमित बरूआ (26) अपनी स्कॉर्पियो के पास खड़े होकर परिचितों बात कर रहे थे तभी बाइक पर सवार हमलावरों ने गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गए। 

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घायलावस्था में भाजपा नेता को जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया। उनकी गंभीर हालत के मद्देनजर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई भेज दिया। सिंह ने दावा किया कि शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। सिंह के मुताबिक अभी बदमाशों की शिनाख्त नहीं हुई है। 

Content Writer

Ramkesh