बदमाशों की गोली से दारोगा घायल, इनामी अपराधी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Mar 22, 2018 - 12:53 PM (IST)

उन्नावः उन्नाव जिले के पुरवा क्षेत्र में बदमाशों के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से एक दारोगा जख्मी हो गया। जवाब में चलाई गई गोली से घायल 25 हजार रुपए के इनामी एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि ने बताया कि बुधवार रात पुरवा क्षेत्र में 2 बदमाशों के मोटरसाइकिल से घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में वाहन निरीक्षण अभियान शुरू किया था। इस दौरान पुलिस के सामने पड़े मोटरसाइकिल सवार 2 बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि बदमाशों की गोली लगने से दारोगा प्रदीप सिंह घायल हो गया। उसके बाद पुलिस की ओर से की गई जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि उसका दूसरा साथी भाग गया।

जिसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान शातिर इनामी अपराधी धनराज लोध के रूप में हुई। वहीं पुष्पांजलि ने बताया कि धनराज पर हत्या तथा लूट समेत कई जघन्य अपराधों के कुल 17 मामले दर्ज हैं और वह 25 हजार का इनामी भी है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार दूसरे बदमाश को पकडऩे की कोशिश की जा रही है। 

Punjab Kesari