नदी से मगरमच्छ निकल कर घर में घुसने से मचा हड़कंप, 4 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन और फिर...

punjabkesari.in Wednesday, Oct 26, 2022 - 01:12 PM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मगरमच्छ नदी से निकलकर एक घर में घुस गया। वहीं, मगरमच्छ को घर में घुसता देख सारा परिवार सन्न रह गया। आनन-फानन में उन्होंने वन विभाग की टीम को फोन किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम करीब 4 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा है।

बता दें कि मामला गंगा नदी से सटे फतेहपुर प्रेमपुर गांव का है। जहां देर रात एक मगरमच्छ गंगा नदी से निकलकर एक किसान परिवार के घर में घुस गया। इसी दौरान घर के किसी सदस्य ने मगरमच्छ को घर में घुसता हुआ देख लिया। वहीं, मगरमच्छ को देखते ही पूरे परिवार के होश उड़ गए। इसी दौरान घर में मगरमच्छ  घुसने की खबर आग की तरह फैल गई और किसान परिवार के घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। आनन-फानन में फोन कर वन विभाग की टीम को सूचित किया गया। वहीं, मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मगरमच्छ घर से निकलकर गन्ने के खेत में घुस  गया।

इसके बाद वन विभाग ने मगरमच्छ को पकड़ कर गंगा नदी में छोड़ दिया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ वन विभाग की टीम के हाथ लगा। वन अधिकारियों का कहना है कि हस्तिनापुर वन सेंचुरी रेंज में मगरमच्छ और घड़ियाल रहते हैं। कभी-कभी यह मगरमच्छ रास्ता भटक कर नहर व खेतों में घुस जाते हैं। इसके चलते ही कई बार वह गांव में घुस जाते है। बताया जा रहा है कि कोई जनहानि नहीं हुई है। मगरमच्छ को घर से निकालकर वापस नदी में  छोड़ दिया गया है।

इस मामले में जानकारी देते हुए वन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि फोन पर किसान के घर में मगरमच्छ घुसने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद देर रात तत्काल टीम को मौके पर बेजा गया। वहीं, टीम ने कड़ी मश्क्कत कर मगरमच्छ को पकड़कर वापस गंगा नदी में छोड़ दिया गया है।

Content Editor

Harman Kaur