नक्सली हमले में शहीद हुआ मेरठ का CRPF जवान, घर में मचा कोहराम (Pics)

punjabkesari.in Wednesday, Nov 23, 2016 - 12:22 PM (IST)

मेरठ: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के चिंतलनार थानाक्षेत्र में मंगलवार तड़के नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग की चपेट में आने से सीआरपीएफ एसआई देवेंद्र सिंह बिष्ट शहीद हो गए। वहीं इस हमले में एक जवान गंभीर रूप से घायल भी हो गया। शहीद के परिजनों को जब अपने लाल के शहीद होने की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया।

परिजनों को फोन पर दी शहीद होने की सूचना
जानकारी के अनुसार शहीद देवेंद्र बिष्ट के पिता भगवान सिंह का कहना है कि अधिकारियों ने फोन पर उन्हें इस बात की सूचना दी। अधिकारियों ने फोन पर बताया कि मंगलावर को एसआई देवेंद्र सिंह बिष्ट अपने साथियों के साथ सुबह 3 बजे गश्त पर निकले थे। इसी दौरान अचनाक से नक्सलियों द्वारा छुपा कर रखे गए प्रेशर बम की चपेट में आने से देवेंद्र सिंह बिष्ट शहीद हो गए। बता दें कि देवेंद्र सिंह सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन में उप निरीक्षक (एसआई) के पद पर तैनात थे।

क्या कहना है शहीद के छोटे भाई का?
शहीद देवेंद्र बिष्ट के छोटे भाई वीरेंद्र का कहना है कि एक महीने की छुट्टी खत्म होने पर उनका भाई 11 नवंबर को ही वापस ड्यूटी पर गया था। देवेंद्र बिष्ट की शादी 3 साल पहले ही हुई थी। उनका एक साल का बेटा भी है, जिसका नाम विराज है। वीरेंद्र ने बताया कि शहीद देवेंद्र बिष्ट की पत्नी अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बेंगलुरु गई हुई थी। उसे देवेंद्र बिष्ट के शहीद होने की सूचना अभी नहीं दी गई है। आज ही वहां बारात आनी थी, लेकिन देवेंद्र के शहीद होने की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी को वापस मेरठ बुलाया गया है। वहीं परिजनों का कहना है कि आज शहीद देवेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर मेरठ में पहुंचेगा।

शहीद के घर लगी लोगों की भीड़
बताया जा रहा है कि जैसे ही देवेंद्र सिंह बिष्ट के शहीद होने की सूचना उनके घर पहुंची तभी आस-पड़ोस के लोग उनके परिजनों को सांत्वना देने के लिए घर पर पहुंचने लगे। शहीद देवेंद्र सिंह बिष्ट के परिवाल वाले संजय नगर में रहते हैं। उनके पिता भगवान सिंह रोडवेज से रिटायर्ड हैं। छोटा भाई वीरेंद्र बिष्ट अभी पढ़ाई कर रहा है। मूलरूप से भगवान सिंह टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं।

UP Hindi News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें