छत पर सो रहे पति-पत्नी की ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या, मां-बाप के शव देख बच्चों की निकली चीखें

punjabkesari.in Saturday, Jun 08, 2019 - 02:24 PM (IST)

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज उस वक्त हड़कंप मच गया जब छत पर सो रहे पति-पत्नी की ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं दोनों के तीन बच्चे भी पास सोए हुए थे, लेकिन बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। वहीं डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है।

घटना सोरांव थाना क्षेत्र के लाल सरांय गांव की बताई जा रही है। जहां खेती किसानी का काम करने वाला नागेंद्र तिवारी और उसकी पत्नी मनोरमा दोनों शनिवार की रात अपने घर की छत पर सो रहे थे। लेकिन इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने दोनों की हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे लोगों की मानें तो देखने से ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने उनपर ईंट पत्थर और धारदार हथियार से हमला किया हो। इसके अलावा घर में रखे कीमती सामान भी बिखरे पड़े हुए थे।

वहीं जब बच्चे सुबह उठे तो मां-बाप की खून से लथपथ लाशें देख कर घबरा गए और चीखने लगे। बच्चों ने शोर मचाकर सब को इस बारे में जानकारी दी। आस-पास के लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस घटना का जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।

 

Tamanna Bhardwaj