बच्चों के विवाद में दबंगों ने असलहों के साथ जमकर किया हंगामा, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Oct 31, 2017 - 02:25 PM (IST)

गोरखपुर(रूद्र प्रताप सिंह): उत्तर प्रदेश में दबंगों की दबंगई के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे है। लाख कोशिशों के बाद भी दबंग अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। एेसा ही एक मामला गोरखपुर में देखने को मिला है, जहां दबंगों ने बच्चों के विवाद में असलहों के साथ जमकर हंगामा किया।

दरअसल मामला सहजनवां थाना के चड़रांव गांव का है। जहां बीते 21 तारीख को मूर्ति विसर्जन के दौरान ज्ञान प्रकाश सिंह और जयनाथ सिंह के बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। वहीं बच्चों के झगड़े को लेकर 24 तारीख को जयनाथ सिंह ने अपने परिजनों के साथ असलहों से लैस होकर ज्ञान प्रकाश सिंह को धमकाया।

बच्चों के झगड़े को लेकर दबंगों ने दूसरे पक्ष के घर पर जाकर असलहों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान किसी ने दबंगों की करतूत को मोबाइल में कैद कर लिया। साथ ही असलहों के साथ दबंगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो में दबंग असलहों के साथ दूसरे पक्ष को धमका रहे हैं। इस दौरान दबंगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को अपशब्द भी कहे।

विवाद बढ़ता देख मौके पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। हैरानी की बात तो ये है कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। ऐसे में पीड़ित पक्ष आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।