मानवता फिर शर्मसार, डकैती के बाद 11 साल की लड़की से 10 लोगों ने किया बलात्कार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2016 - 04:26 PM (IST)


लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सोमवार रात पारा थानाक्षेत्र के रोड चौकी स्थित एक गांव में 10 डकैतों ने एक घर में लूट करने के बाद 11 साल की लड़की को घर से उठाकर हवस का शिकार बनाया। जब लड़की के पिता ने डकैतों का विरोध किया तो उन्होंने उस पर बेलचे से हमला कर घायल कर दिया। 

पीड़ित लड़की के पिता ने बताया कि रात 12 बजे डकैतों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद डकैतों ने जबरदस्ती दरवाजे को तोड़कर घर पर हमला बोल दिया। सभी चोर कच्छा बनियान में थे। सभी के पास हथियार थे। सामान चोरी करने के बाद डकैतों की नजर लड़की पर पड़ी और उसे जबरदस्ती उठाकर ले गए जिसके बाद उससे गैंगरेप किया गया। 

चीख-पुकार के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और रात करीब 2 बजे पूरा गांव लड़की को ढूंढने में लग गया। 2.30 बजे पुलिस भी मौके पर पहुंची और करीब 3.30 बजे घर से 1.5 किलोमीटर की दूरी पर लड़की बेहोशी की हालत में बाग में पड़ी मिली। लड़की को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां चोरों की पहचान करने के लिए पीड़िता के नाखून और शरीर का फॉरेंसिक चेकअप भी कराया गया। पुलिस ने डकैती, मारपीट और रेप का केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच करना शुरू कर दिया।