राजधानी के काकोरी में डकैतों का तांडव, लूटपाट के बाद ग्राम प्रधान के बेटे को मारी गोली

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 12:50 PM (IST)

लखनऊः भले ही सूबे में सत्ता बदल गई हो इसके बावजूद भी उत्तर प्रदेश में आए दिन अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। इसी कड़ी में ताजा मामला प्रदेश की राजधानी लखनऊ का है। जहां बेखौफ डकैतों ने रात करीब 2 बजे जमकर लूटपाट की। हैरानी की बात तो यह है कि जहां डकैतो ने इस वारदात को अंजाम दिया। वहां से पुलिस महज 150 मीटर की दूरी पर थी। वहीं डकैतो ने लूटपाट का विरोध करने पर  ग्राम प्रधान को बेटे को गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 7 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानिए पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक घटना काकोरी थाना क्षेत्र के बनियाखेड़ा और कटौली गांव की है। जहां असलहों से लैस दर्जन भर से ज्यादा डकैतों ने इन गांव में जमकर उत्पात मचाया। करीब डेढ़ घंटे तक डकैत गोलियां चलाते रहे। डकैतों ने ग्राम प्रधान हरिशंकर यादव के घर में लूटपाट करने के बाद दोनों गांव के 4 घरों में लूटपाट की है। 

ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए आरोप 
वहीं लूटपाट का विरोध करने पर डकैतों ने कटौली गांव के प्रधान के बेटे को गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में 6 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान वह पुलिस को फोन करते रहे, लेकिन पुलिस घटनास्थल से महज 150 मीटर की दूरी पर थी। इसके बावजूद भी पुलिस ने आगे बढ़कर कोई कार्रवाई नहीं की। फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस आगे बढ़ी तब तक सारे डकैत फरार हो चुके थे।

इंस्पेक्टर काकोरी को किया सस्पेंड 
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि काकोरी के 2 गांव में बीती रात बदमाशों डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। एक गांव में डकैती डालने के बाद दूसरे गांव में पहुंचे डकैतों ने ग्राम प्रधान के बेटे को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई है। इंस्पेक्टर काकोरी को सस्पेंड कर दिया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया है।