Love Story का हुआ खतरनाक अंत, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

punjabkesari.in Friday, Mar 24, 2017 - 08:13 AM (IST)

आगरा:आगरा में पुलिस ने 10 मार्च को हुई महिला की हत्या का खुलासा करते हुए प्रेमी को गिरफ्तार किया है। ए.एस.पी. अनुराग वत्स ने बताया है कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकद्दमा दर्ज किया गया है। थाना न्यू आगरा के कमलानगर में एक निर्माणाधीन मकान में महिला का शव मिला था। पुलिस के अनुसार, महिला सोफिया आसाम की निवासी थी और वर्तमान में अपनी मौसी के घर रह रही थी। उसके पति का नाम चांद बाबू है। सोफिया के आरोपी से अवैध संबंध थे और वह घर से आसाम जाने का कह कर निकली थी।

इस मामले में महिला के शव के पास से पुलिस को कपड़े और कुछ कागज मिले थे। कागजों में एक हाथरस का मोबाइल बिल मिला था। पुलिस ने बिल के आधार पर हाथरस जाकर छानबीन की तो मृतक महिला की मौसी फातिमा ने कपड़े और सामान के आधार पर महिला की शिनाख्त सोफिया के रूप में की। फातिमा ने पुलिस को सोफिया के आगरा के व्यक्ति से अवैध संबंध होने की बात कही। पुलिस ने फोन डिटेल के आधार पर रेणुका धाम कमलानगर निवासी रामवीर को पकड़ लिया। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी से मृतका के कान के कुंडल बरामद हुए और  उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।