उत्तर भारत में कोहरे की दस्तक- शीत लहर ने बढ़ाई ठंड, UP में 5 की मौत

punjabkesari.in Friday, Jan 05, 2018 - 11:54 AM (IST)

लखनऊ: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल एक सप्ताह तक उत्तर भारत के लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इधर यूपी में ठंड के चलते 5 लोगों की मौत हो गई। इसमें बदायूं में ठंड लगने से 2 बच्चों और आजमगढ़ में कोहराजनित हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई।

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार दक्षिणी पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 4 दिनों तक अति घना कोहरा पड़ेगा। पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान की सीमा पर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बावजूद उत्तर भारत में कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है।

पुणे स्थित मौसम विभाग के कार्यालय के अनुसार यद्यपि पूरे उत्तर भारत में कमोवेश शीतलहर की स्थिति है, लेकिन कुछ इलाकों में अगले हफ्ते ठंड व कोहरे की स्थिति गंभीर होगी। कोहरे व शीतलहर का असर असम, पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों से लेकर गुजरात तथा मध्यप्रदेश में भी बना रहेगा। यह स्थिति 9 जनवरी तक कमोवेश बनी रहेगी। कोहरा व शीतलहर के चलते आने वाले दिनों में रेल व हवाई सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका है।