दिल दहला देने वाली घटना: लड़की जन्मी तो ससुराल वालों ने बहू को पीटा और घर से भगा दिया, दहेज की मांग भी आई सामने!

punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 01:36 PM (IST)

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि ससुराल वालों ने बहू किरन को इसलिए पीट-पीटकर घर से बाहर निकाल दिया कि उसने लड़की को जन्म दिया। ससुराल वालों को लड़का चाहिए था। इसके अलावा, उन्होंने बहू से अतिरिक्त दहेज की भी मांग की। जब किरन ने कहा कि लड़का या लड़की भगवान के हाथ में होता है, तो ससुराल वाले और आक्रोशित हो गए और उन्होंने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।

घायल बहू की शिकायत और इलाज
घायल बहू ने पूरी घटना की जानकारी अपने मायके वालों को दी। मायके पक्ष ने मूसाझाग थाने में ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने गंभीर हालत में बहू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण और इलाज किया जा रहा है।

जानिए, क्या है पूरा मामला
घटना मर्रई गांव की है। बताया गया है कि राजवीर और किरन की शादी करीब एक साल पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। किरन के परिवार ने अपनी स्थिति के अनुसार ससुराल वालों को दहेज दिया। शादी के बाद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। जब किरन ने बच्ची को जन्म दिया, तो ससुराल वाले नाराज हो गए क्योंकि उनकी इच्छा थी कि बच्चा लड़का हो। इसके बाद उन्होंने किरन को ताने देने शुरू किए और दहेज की अतिरिक्त मांग की। किरन ने कहा कि लड़का या लड़की होना भगवान के हाथ में है और दोनों समान होते हैं। लेकिन ससुराल वाले उसकी बात से नाराज होकर बेरहमी से मारपीट करने लगे और उसे घर से निकाल दिया।

पुलिस की कार्रवाई
मूसाझाग थाने की पुलिस ने बताया कि घायल बहू को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

static