BJP का एक्शन मोड, मायावती को अपशब्द कहने वाला नेता 6 साल के लिए पार्टी से एक्सपेल

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2016 - 07:25 AM (IST)

लखनऊ: भाजपा ने बसपा अध्यक्ष मायावती के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए बुधवार देर रात अपनी उत्तर प्रदेश शाखा के उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इससे कुछ घंटे पहले उन्होंने सिंह को सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त करने की घोषणा की थी। भाजपा सूत्रों ने कहा कि पार्टी के नियमों के तहत सिंह छह साल तक पार्टी से बाहर रहेंगे।
 
दूसरी तरफ बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी भाजपा की राजनीतिक घेराबंदी शुरू कर दी है। बसपा ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए अपने सभी नेताओं को लखनऊ बुलाया है। गौरतलब है कि दयाशंकर सिंह ने बसपा प्रमुख मायावती की तुलना वैश्या से की थी। सिंह की टिप्पणी को लेकर आज राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। महिला सांसद सहित राज्यसभा सदस्यों ने टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। राज्यसभा के उप सभापति पीजे कुरियन ने कहा कि सदन चाहता है कि सरकार ‘अक्षम्य’ टिप्पणी के लिए भाजपा नेता के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। सदन के नेता अरूण जेटली ने टिप्पणी के लिए खेद जताते हुए उसे बेहद निंदनीय बताया।
 
बसपा ने पार्टी मुखिया मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में भाजपा नेता दयाशंकर सिंह के खिलाफ बुधवार देर रात राजधानी के हजरतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। बसपा नेता मेवालाल गौतम की तरफ से दर्ज प्राथमिकी में सिंह के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम तथा भारतीय दंड सहिता की धाराएं लगाई गई है। वहीं बसपा ने इस मामले में सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को राजधानी लखनऊ में धरना प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है।