दबंगों के सामने बेबस यूपी पुलिस: पीड़ित को न्याय के बदले दी इलाका छोडऩे की सलाह!

punjabkesari.in Tuesday, Dec 06, 2016 - 07:15 PM (IST)

शाहजहांपुर(नन्दलाल): यूपी पुलिस एक फिर दबंगों के सामने बेबस नजर आ रही है। आलम ये है कि पुलिस दबंगों को गिरफ्तार करने के बजाए पीड़ित को ही इलाका छोडऩे की सलाह दे रही है। ताजा मामला यूपी के शाहजहांपुर का है जहां दबंगों ने एक किसान के घर को आग के हवाले कर दिया। किसान का कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने दबंगों को अपने खेत में तमंचे की अवैध फैक्ट्री का विरोध किया था। फिल्हाल पीड़ित अब पुलिस के अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है। 

राख में तब्दील हो चुके अपने घर की राख पर बैठे इस किसान का नाम नजमुद्दीन है। थाना मिर्जापुर के उईला थाथरमई के रहने वाले इस किसान ने इलाके के दबंग राजेश सिंह को अपने खेत में अवैध तमंचे की फैक्ट्री चलाने को मना कर दिया था। इसके बाद राजेश अपने एक दर्जन साथियों के साथ किसान के खेत में बने घर पर पहुंचा और पूरे परिवार को जमकर पीटा। इतना ही नहीं दबंगों ने किसान के घर में लूटपाट के बाद आग लगा दी और देखते ही देखते पूरा घर राख में तब्दील हो गया। दबंगों ने धमकी दी कि वो अपना खेत छोड़कर गांव से भाग जाये वर्ना उन्हें जान से मार दिया जाएगा। जब पीड़ित थाने पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन पुलिस ने किसान को सलाह दी कि वो इलाका छोड़कर कहीं दूसरी जगह चला जाये क्योंकि दबंगों के सामने पुलिस बेबस थी।

                  

पीड़ित किसान मूल रूप से मुजफफरनगर का रहने वाला है जिसने यहां खेती के लिए जमीन खरीदी थी। अपने खेत में ही मकान बनाकर वो यहां रह रहा था। दरअसल दबंग राजेश सिंह के परिवार लोग कल्लू डकैत के साथी रह चुके हैं जिसके चलते पूरे इलाके में इनका खौफ है। थाने का कोई भी पुलिसकर्मी उनके खिलाफ कार्रवाई से घबराता है। फिलहाल पुलिस के आलाधिकारी अब आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कर रहे हैं। 

उठ रहे सवाल
प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोशिश तो कर रही है लेकिन इन दबंगों के सामने यूपी पुलिस बौना साबित हो रही है। यही वजह है कि एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। ऐसे में इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि गुण्डे अभी भी यूपी पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। ​

UP News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें