चित्रकूट से अपहृत मासूमों का बांदा में मिला शव, अखिलेश बोले- बच्चों को स्कूल भेजने से डरेंगे मां-बाप

punjabkesari.in Sunday, Feb 24, 2019 - 11:40 AM (IST)

लखनऊः 12 फरवरी को मध्य प्रदेश के चित्रकूट से अपहृत दो मासूम बच्चों के शव आज बांदा के मर्का थाना अंतर्गत यमुना नदी से बरामद हुए हैं। बड़ी बात यह है कि 3 जनपदों की पुलिस व एसटीएफ मिलकर भी बच्चों को नहीं बचा पाई। 20 लाख की फिरौती देने के बावजूद परिवार ने अपने बच्चे खो दिए। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सरकारों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि आज बांदा में दो मजलूम बच्चों की लाशें मिलीं। उनकी जानें गईं और एक परिवार का भविष्य उजड़ गया। सरकारों की जिम्मेदारी है कि हर नागरिक को सुरक्षित रखे और दुःख है कि हाल यह है कि मां-बाप बच्चों को स्कूल भेजने से भी डरेंगे! देश की कानून व्यवस्था अब इससे ज्यादा क्या बिगड़ेगी?

ज्ञात हो कि, 12 फरवरी को चित्रकूट के सद्गुरु ट्रस्ट के विद्याधाम इंग्लिश मीडियम स्कूल से शिवांश और दिव्यांश नाम के दो मासूम भाइयों का स्कूल बस से अपहरण हुआ था। पिता ब्रजेश रावत ने बताया कि 20 लाख की फिरौती देने के बावजूद उन्होंने दोनों बच्चे खो दिए। बच्चों की खोज में मध्य प्रदेश के सतना, चित्रकूट और बांदा पुलिस सहित एसटीएफ की टीम लगी थी। पूरे पुलिस बल को धता बताते हुए अपहरणकर्ता चित्रकूट और बांदा में घूमते रहे और पुलिस हवा में तीर चलाती रही।

इस हृदय विदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद चित्रकूट में तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 छात्र भी हैं। 

Deepika Rajput