पार्टी के लिए घर से निकले राहुल को मिली मौत: मेरठ में 11 दिनों से लापता किशोर का शव बरामद, दोस्तों पर हत्या का आरोप

punjabkesari.in Sunday, Apr 10, 2022 - 06:37 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में 11 दिन से लापता 17 वर्षीय किशोर का शव रविवार दोपहर टीपी नगर थाना क्षेत्र में हरवंश सिटी के पीछे बरामद किया गया। परिजनों ने किशोर के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। बीते 30 मार्च को परिजनों ने राहुल (17) की टीपी नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने उसके दो दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनीत भटनागर ने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या की वजह पुरानी रंजिश है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। मृतक के पिता दीपक ने पुलिस को बताया कि बीते 30 मार्च की रात को दोस्तों ने फोन कर राहुल को पार्टी के लिए बुलाया था और इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा।

 

Content Writer

Mamta Yadav