दिल्ली विवि के छात्र पर गौतमबुद्ध नगर में जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Sep 06, 2019 - 02:32 PM (IST)

नोएडाः गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित पाम ओलंपिया सोसाइटी में रहने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय के एलएलबी के छात्र पर गुरुवार रात जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास त्यागी उर्फ शेखर त्यागी ने कुछ महीने पहले एक किशोरी को ब्लैकमेल करके बंधक बना लिया था जिसे पीड़ित छात्र विक्रांत एवं उसके भाई विकास ने दिल्ली पुलिस की सहायता से छुड़ाया था। इससे नाराज आरोपी गुरुवार रात दोनों भाईयों की हत्या के इरादे से सोसाइटी पहुंचा था।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाठक ने शुक्रवार को बताया कि विकास के मुताबिक वह अपने छोटे भाई विक्रांत कुशवाहा के साथ फ्लैट में रहता है। विक्रांत दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी का छात्र है। थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार रात विकास त्यागी उर्फ शेखर त्यागी अपने तीन साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर सोसाइटी पहुंचा। विक्रांत अपने चाचा के साथ सोसाइटी के अंदर कहीं काम से जा रहा था, तभी त्यागी व उसके साथियों ने उसके ऊपर हमला कर दिया। इस घटना में विक्रांत बुरी तरह से घायल हो गया।

पाठक ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शेखर त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हैं। उनकी पुलिस तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि शेखर त्यागी ने एक किशोरी को ब्लैकमेल करके चार दिनों तक बंधक बनाए रखा। इसकी सूचना विकास एवं विक्रांत को मिली और उन्होंने दिल्ली पुलिस की मदद से लड़की को छुड़ाया। इससे त्यागी दोनों भाईयों से नाराज था।

 

Tamanna Bhardwaj