नदी में नहाने गए 3 मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2017 - 03:18 PM (IST)

हमीरपुरः उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में 3 मासूम बच्चों की जीवन लीला समाप्त हो गई। यहां नदी में नहाना 3 मासूमों पर कहर बन कर बरपा है। मरने वालों में सगे भाई-बहन भी शामिल है। वहीं एक साथ 3 बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक मामला हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के बिलौटा गांव का है। मासूम रामवीर अपनी बहन अभिलाशा और उसकी सहेली रुबी को लेकर यमुना नदी में नहाने गए। इनके साथ और भी कई बच्चे थे। बच्चे नहाते-नहाते गहराई में चले गए, जिससे 3 बच्चे पानी में डूब गए।

नदी में नहा रहे अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बचाने कोशिश की, लेकिन उन्हें नही बचा पाए। फिर उन्हें ढूंढने की कोशिश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन बच्चों को ढूंढने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। गांव वालों ने बच्चों के शवों को पानी से निकल लिया है, लेकिन जिला प्रशासन के अधिकारियों के रवैये से लोग खासे आक्रोशित हैं।