Swine Flu के संदिग्ध मरीज की उपचार के दौरान मौत, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 11:05 AM (IST)

सहारनपुर: शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले शहर निवासी एक महिला परिवार के साथ रामेश्वरम गई हुई थी। वहां से लौटी तो घर आकर अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने एक-दो दिन सही होने का इंतजार किया, लेकिन महिला की तबीयत में कोई आराम नहीं हुआ।

इसके बाद परिजनों ने महिला को शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मेडिकल कॉलेज में उपचार चला परंतु यहां भी डॉक्टर महिला को ठीक नहीं कर पाए। महिला की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। मेडिकल कॉलेज से महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। यहां डॉक्टरों ने महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए। डॉक्टरों ने सूचना स्वास्थ्य अधिकारियों को दी।

स्वाइन फ्लू के लक्षण मिली महिला की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य टीम निजी अस्पताल पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने यहां महिला के सैंपल लिए और जांच के लिए भेज दिए। महिला को अस्पताल में ही भर्ती रखा, लेकिन आज उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य अधिकारी रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य अधिकारी महिला की मौत का कारण बता सकेंगे।

Anil Kapoor