डिलीवरी के लिए आई महिला की ऑप्रेशन के दौरान मौत, गुस्साए परिजनों ने जमकर की तोड़फोड़

punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2018 - 10:00 AM (IST)

आगरा: अवैध अस्पतालों की मंडी बन चुके आगरा के एत्माद्दौला इलाके के मंडी समिति के पास अस्पताल में डिलीवरी के लिए आई महिला की ऑप्रेशन के दौरान मौत हो गई। अचानक महिला की मौत की खबर सुनकर मृतक महिला के परिजनों में आक्रोश फूट गया। मृतक महिला के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्पिटल में जमकर तोडफ़ोड़ की। परिजनों के आक्रोश और महिला की मौत के बाद अस्पताल संचालक और कर्मचारी अस्पताल से भाग गए।

घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को शांत कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। बताया जाता है कि महिला थाना एत्माद्दौला के पास यमुना ब्रिज की रहने वाली थी जिसे परिजनों ने कर्ण अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराया था लेकिन ऑप्रेशन के दौरान उसकी मौत हो गई। बरहाल यह कोई पहली घटना नहीं है। यमुना पार में बने कई अस्पतालों में तमाम तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और पहले भी डिलीवरी और इलाज के दौरान कई मौतें पूर्व में भी हो चुकी हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग आंखों पर पट्टी बांधे हुए है।