सिस्टम पर सवाल: सड़क पर प्रसूता की डिलेवरी, वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2020 - 05:38 PM (IST)

हमीरपुर: जनपद के सरीला तहसील क्षेत्र में मायके में रह रही 26 वर्षीय महिला का प्रसव प्राइवेट वाहन से सी.एच.सी. ले जाते समय वाहन के खराब हो जाने के बाद बीच सड़क पर प्रसव हो गया। महिला के परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा शुरू होते ही एंबुलेंस व अन्य सुविधाओं को कई बार फोन करने के बाद भी अनसुनी की गई है। एंबुलेंस टीम का कहना है कि सूचना पर तुरंत महिला को सी.एच.सी. लाकर भर्ती करा दिया गया है। जहां जच्चा बच्चा दोनों ठीक है। मामला सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ है। एस.डी.एम. ने भी सी.एच.सी. जाकर घटना की जानकारी ली है। मामले में जिलाधिकारी ने भी जांच के बाद शासन को आख्या भेजने की बात कही है।

क्या है मामला ?
बिवार गांव निवासी कैलाश की 26 वर्षीय पत्नी विनीता दूसरी बार गर्भवती थी। और वह अपने मायके बंडवा में रह रही थी। शुक्रवार को तड़के 5 बजे उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो कैलाश भी ससुराल पहुंच गया था। कैलाश ने बताया कि प्रसव पीड़ा शुरू होते ही उसने कई बार एंबुलेंस 102 और 108 तथा डायल 112 को फोन किया। लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया लगभग एक घंटे इंतजार के बाद वह प्राइवेट वाहन से पत्नी को सी.एच.सी. सरीला ले जा रहा था। तभी मगरौल गांव के पास वाहन खराब हो गया तो उसका साला महेंद्र मगरौल गांव में मदद मागने के लिए चला गया इसी विनीता की प्रसव पीड़ा और तेज हो गई तो खेतों में काम कर रही महिलाओं ने सड़क पर उसका प्रसव कराया। प्रसव के बाद एंबुलेंस पहुंची थी। 

एंबुलेंस के ईएमटी धर्मेंद्र व पायलट जितेंद्र का कहना है कि सुबह 8:21 पर उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी 10 मिनट में पहुंच गए थे। तब तक प्रसव हो चुका था। महिला व बच्चे को सी.एच.सी. में भर्ती कराया गया है। सी.एच.सी. के चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आर.पी. वर्मा का कहना है कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सूचना पर एस.डी.एम. ने आकर पूरे मामले की जानकारी ली हैं।

मामले की होगी जांच- जिलाधिकारी
मामला सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हुआ है। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने भी मामले संज्ञान में लेते हुए कहा है। की महिला के परिजन सुबह 5 बजे से एंबुलेंस को फोन कर रहे थे। लेकिन तकनीकी ट्रांजैक्शन की वजह से देरी हुई है। जिसकी जांच कराई जाएगी। तथा आख्या शासन को भेजी जाएगी।

अखिलेश यादव के निर्देश पर पीड़िता को मदद
 घटना की जानकारी लगते ही सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा नेता पुष्पेंद्र यादव लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष कामता राजपूत महिला सभा की जिलाध्यक्ष नीलम यादव ने भी सी.एच.सी. जाकर जच्चा बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी ली है तथा बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे घटनाक्रम को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संज्ञान में लिया है और महिला के परिजनों को आर्थिक सहायता भी मुहैया कराई है।
 

Ramkesh