शेल्टर होम से भागी युवती ने सुनाई आपबीती, कहा- किस तरह मुझे उस नरक से भागने का मौका मिला

punjabkesari.in Thursday, Aug 09, 2018 - 01:31 PM (IST)

देवरिया(उप्र): ‘मैं मां विंध्यवासिनी शेल्टर होम के कमरे की सफाई कर रही थी और प्रबंधक गिरिजा त्रिपाठी फोन पर व्यस्त थीं। मुझे उस नरक से भागने का मौका मिल गया। यह बात उस लड़की ने कही, जो देवरिया के शेल्टर होम से रविवार को भागने में सफल हो गई थी। शेल्टर होम से भागने के बाद लड़की थाने पहुंची थी और शेल्टर होम के अंदर चल रही चीजों के बारे में बताया। उसने शेल्टर होम को ‘जेल’ करार दिया। शेल्टर होम अब सील किया जा चुका है। शेल्टर होम के पड़ोसियों ने परिसर की बालकनी में या बाहर किसी लड़की को कभी नहीं देखा। पुलिस ने शेल्टर होम से 24 महिलाओं को सुरक्षित निकाला। पड़ोसियों ने हालांकि यह बताया कि शाम को अकसर शेल्टर होम में कारें आया करती थीं।

पुलिस रिकार्ड के मुताबिक शेल्टर होम में किसी लड़के को नहीं रखा गया था लेकिन 2017 से एक शिशु गृह चल रहा था। 7 बच्चों, जिनमें से अधिकांश की उम्र 10 साल से कम है, के नाम हालांकि पंजीकृत हैं लेकिन पुलिस छापे में कोई नहीं मिला। शेल्टर होम का लाइसेंस जुलाई 2017 में रद्द कर दिया गया था लेकिन स्थानीय पुलिस ने बचाई गई लड़कियों को शेल्टर होम भेजना जारी रखा क्योंकि क्षेत्र में लड़कियों के लिए और कोई संरक्षण गृह नहीं था। चौरी बाजार पुलिस और बरहज पुलिस ने 26 तथा 27 जुलाई को 2 लड़कियां शेल्टर होम भेजी थीं।

शेल्टर होम देवरिया रेलवे स्टेशन के सामने है और इसके भवन में कई दुकानें भी हैं। इमारत के बगल में गली है, जिसमें शेल्टर होम के पीछे के 2 दरवाजे खुलते हैं। गली में शराब और बीयर की दुकान भी है। संवाददाता ने दुकानदारों से बात की। नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर एक ने बताया कि कारें शाम को आती थीं लेकिन किस मकसद से आती थीं, पता नहीं। वस्तुत: कभी कोई विवाद नहीं हुआ, इसलिए शक नहीं गया । पड़ोस के एक दुकानदार ने बताया कि उसने लड़कियों को एक कार से जाते देखा तो लगा कि शायद किसी कार्यक्रम में जा रही होंगी।

शेल्टर होम के निकट खड़े एक व्यक्ति ने बताया कि शाम को कारें आती थीं। अधिकारी जैसे दिखने वाले लोग आते थे। क्यों आते थे, कभी समझ नहीं आया। इस शेल्टर होम में लगभग 7 कमरे हैं, रसोई है, शौचालय है और बालकनी भी, लेकिन बाहर से कुछ नहीं दिखता। उत्तर प्रदेश सरकार ने देवरिया प्रकरण की सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने माना है कि जिला प्रशासन के स्तर पर लापरवाही हुई है।

Anil Kapoor