देवरिया: सरयू नदी में साथियों संग नहाने गए दो छात्र तेज बहाव में डूबे, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Jun 24, 2024 - 01:31 PM (IST)

देवरिया, (विशाल चौबे): बरहज नगर स्थित निर्माणाधीन मोहन सेतु के पास साथियों के साथ नहाने गए दो छात्र डूब गए। काफी तलाश के बाद भी उनका कहीं सुराग नहीं लगा। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस भी गोताखोरों के साथ दोनों युवकों की तलाश करा रही है।

बताया जा रहा है कि मदनपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआं गांव निवासी विवेक प्रसाद (18) पुत्र ओमप्रकाश और ननिहाल आए बड़हलगंज क्षेत्र के संसारपार गांव निवासी अवधेश प्रसाद (20) अपने चार-पांच साथियों के साथ किसी काम से बरहज गए थे। लोगों के अनुसार भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सभी एक साथ सरयू नदी में स्नान करने लगे।

इसी बीच विवेक और अवधेश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख अन्य साथी शोर मचाने लगे, जिसे सुनकर आसपास के लोग जुट गए। लोग जब तक कुछ प्रयास करते विवेक और अवधेश नदी में लापता हो गए। जानकारी होने पर दोनों के परिजन और गांव के लोग नदी घाट पर पहुंच गए। किसी अनहोनी को लेकर परिजन भयभीत हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष महेंद्र मोहन मिश्र भी हमराहियों के साथ दोनों युवकों की तलाश कराने लगे। सीओ आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई है। रेस्क्यू कराया जा रहा है। हालाकि अभी दोनो की बरामदगी नहीं की जा सकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static