बाढ़ पीड़ितों के बीच अपने लिए VIP व्यवस्था देख भड़के Deputy CM, प्रशासन को दी ये चेतावनी...

punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 08:33 PM (IST)

बस्तीः उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक आज बस्ती पहुंचे। यहां कलवारी के डकही गांव में बाढ़ राहत शिविर में उन्होंने बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री बांटी। जैसे ही डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मंच पर पहुंचे अपने  वीआईपी स्वागत की व्यवस्था देख कर भड़क गए। बता दें कि जिला प्रशासन ने बाढ़ पीड़ित इलाके में रेड कारपेट और टेंट लगाकर कार्यक्रम का आयोजन किया था।

उन्होंने जिला प्रशासन को साफ लफ्जों में चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम में जहां लोग बाढ़ से परेशान हैं। एसी स्थिति में उनका भविष्य में ऐसा स्वागत न किया जाए। मैं यहां पर सरकार की तरफ से बाढ़ राहत शिविर में राहत सामग्री बांटने आया हूं, लेकिन कार्यक्रम में आकर मुझे बहुत दुख हुआ।

 उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि  इस तरह की मेरे लिए व्यवस्था न करें, टेंट और दरी बिछाने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह सारा का सारा पैसा हमारे भाइयों-बहनों और बुजुर्गों को मिलना चाहिए जो बाढ़ की वजह से काफी परेशान हैं। हम लोग यहां सेल्फी लेने नहीं आए हैं। हम लोग आपके दर्द का अहसास करने आए हैं। हमारे गरीब भाइयों, बहनों और बुजुर्गों ने इस बाढ़ में बहुत पीड़ा झेली है।

डिप्टी सीएम ने डीएम को निर्देश दिया कि जिन लोगों का मकान बाढ़ की वजह से गिर गया है उनको तत्काल मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिया जाए। जिन इलाकों में बाढ़ आई है वहां पर भविष्य में बाढ़ न आए इसकी व्यवस्था की जाए। हर साल बाढ़ आती है और तबाह करके चली जाती है। अब बाढ़ न आए इसके लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है। मैं इसलिए आप लोगों के बीच आया हूं कि जो भी आप की तकलीफ है इस को महसूस करूं और जो भी आप की आवश्यकता है उस को तत्काल पूरा कर सकूं। आप को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आप लोगों के लिए सारी व्यवस्था कर रखी है। उस व्यवस्था को आप लोगों को देने के लिए हम लोग आए हैं।

 

 

 

 

Content Writer

Ajay kumar