video: UP के माफियाओं की डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य की चेतावनी, कहा- 'कब्जा छोड़ दें, नहीं तो बुलडोजर है तैयार'

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 05:57 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को आगरा के  दौरे पर थे। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आगरा के बमरौली कटारा ग्राम पंचायत में ग्राम चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर डिप्टी सीएम ने मंच से ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी तरह की ग्रामीणों की समस्या का त्वरित निस्तारण किया जाए। वहीं उन्होंने माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग कब्जा किए हुए हैं, वो कब्जा छोड़ दें, नहीं तो बुलडोजर तैयार है। इतना ही नहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अभी तक भारत के लोग विदेशों में छोटी-छोटी नदियों में चलने वाले क्रूज में बैठा करते थे, अब दुनिया के सबसे बड़े क्रूज में पूरी दुनिया के लोग बैठेंगे। लोग यहां आकर खर्च करेंगे... इससे लोगों को रोजगार मिलेगा,लेकिन, अखिलेश यादव को नौजवानों को रोजगार मिले वो पसंद नहीं है। 
 

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश सोच रहे हैं, ऐसा क्यों हो रहा है? वो चाहते हैं कि यहां पर बम और तमंचे बनाने की फैक्ट्री लगे। लेकिन, अब ये बम-कट्टा बनाने वाला प्रदेश नहीं है। यहां पर डिफेंस कॉरिडोर भी है। यहां पर देश की सेना के लिए सामग्री बनाने का काम भी होगा। उन्होंने कहा कि गंगा में क्रूज की शुरुआत हो गई है। अब तक यूपी से सड़क और वायु मार्ग की कनेक्टिविटी थी। मगर, अब जल मार्ग से आने-जाने की व्यवस्था की शुरुआत हो गई है। जल्द यमुना के रास्ते आगरा भी क्रूज आएगा और दिल्ली भी जाएगा। आज उत्तर प्रदेश बदल गया है। डबल इंजन की सरकार में लगातार गरीब कल्याण, किसान कल्याण और युवा-महिला कल्याण की योजनाएं चलाई जा रही हैं.... मगर, विपक्ष को यह रास नहीं आ रहा है.... अखिलेश कह रहे हैं कि बनारस में गंगा में क्रूज चलेगा तो नाविकों का रोजगार छिनेगा... अखिलेश एक बार क्रूज में बैठकर देखें.... उन्हें कोई बताए कि क्रूज वाराणसी से बांग्लादेश तक जाएगा.. इसमें यात्री भी जाएंगे और माल भी जाएगा। बता दें कि अखिलेश और केशव प्रसाद मौर्य की जुबानी जंग कोई नई है... इससे पहले भी दोनों कई बार एक दूसरे के ऊपर हमलावर हो चुके हैं... लेकिन इस बार केशव प्रसाद मौर्य अलग ही फॉर्म में दिखाई दिए... अब देखना होगा की क्या अखिलेश इसपर कोई जवाब देते हैं या नहीं। 
 

Content Writer

Ramkesh