एटा दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा - मैनपुरी अब भाजपा का गढ़...

punjabkesari.in Wednesday, Nov 16, 2022 - 03:17 PM (IST)

एटा (सैय्यद आशु) : गुरुवार को जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैनपुरी अप सपा का नहीं बल्कि कमल का गढ़ है। मुलायम सिंह यादव का हम सम्मान करते हैं लेकिन इस बार लोकसभा के उपचुनाव में इतिहास बदलेगा और खतौली,रामपुर, मैनपुरी में कमल खिलेगा व भाजपा की प्रचंड जीत होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर शिवपाल यादव देश निर्माण में सहयोग करना चाहते है तो वो भाजपा का साथ दे सकते है।  



जैसे रामपुर जीता वैसे ही मैनपुरी जीतेंगे

जिले के दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पत्रकारों से कहा कि जैसे हमने रामपुर का चुनाव जीता वैसे ही मैनपुरी का चुनाव भी जीतेंगे। भाजपा का तमाम लोग सहयोग कर रहे हैं और शिवपाल अगर सहयोग करना चाहते हैं तो कर सकते हैं। सपा में जो कलह है इसका लाभ भाजपा को मिलेगा। मोदी और योगी जी की सरकार ने जनता के लिए इतने काम किए हैं कि वह हमारे पक्ष में है।



रघुराज सिंह शाक्य को प्रचंड वोट मिलेंगे

डिप्टी सीएम के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी एटा के दौरे पर आए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैनपुरी में भाजपा नंबर वन पर है। उपचुनाव में विभिन्न स्थानों पर जैसे हमारी जीत हुई है वैसे ही मैनपुरी का भी रण जीतेगे। रघुराज सिंह शाक्य को प्रचंड वोट मिलेंगे। समाजवादी पार्टी के पास झूठे वादों के अलावा और कुछ भी नहीं है। सपा परिवारवाद वाली पार्टी है। अखिलेश यादव ने पूरी पार्टी को दरकिनार कर अपनी पत्नी को चुनाव में उतार दिया।



भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में हुए शामिल

डिप्टी सीएम ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में कुछ विभागों के अधिकारियों से बातचीत की इसके बाद डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष कार द्वारा मैनपुरी के लिए रवाना हो गए। जहां भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में भाग लिया। इससे पहले हेलीपैड पर सांसद राजवीर सिंह  और जिले के सभी विधायकों, भाजपा नेताओं ने डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का स्वागत किया।
 

Content Editor

Prashant Tiwari