तेंदुए के हमले से दहला सहारनपुर, वन विभाग के डिप्टी रेंजर समेत कई कर्मचारी घायल

punjabkesari.in Thursday, Feb 08, 2018 - 03:38 PM (IST)

सहारनपुरः उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में एक तेंदुए ने वन विभाग के एक अधिकारी पर हमलाकर उसे घायल कर दिया। वहीं इस हमले में वन विभाग के 2 अन्य कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

शिवालिक वन प्रभाग के जिला वनाधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रभाग से सटे गांव अब्दुल्लापुर के पास कुछ लोगों ने कल पेड़ पर चढ़े एक तेंदुए को देखा। वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। इस बीच पेड़ की टहनी टूटने से तेंदुआ नीचे गिर गया और वह झाड़ियों में जा छिपा। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के प्रयासों मे लगी थी कि झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने शाकंभरी रेंज के डिप्टी रेंजर पूर्णानंद कुकरेती पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

वहीं हमलेे में वन विभाग के 2 अन्य कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल डिप्टी रेंजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होने बताया कि तेंदुए को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। वन विभाग की टीम लगी हुई है। तेंदुआ दोबारा दिखाई नहीं दिया है। हो सकता है कि वह फिर से जंगल में चला गया हो।