विवेक हत्याकांड की DGP ने की निंदा, कहा- दोनों आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Sep 29, 2018 - 04:27 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक मल्टीनेशनल कंपनी के कर्मचारी की पुलिस कॉन्स्टेबल द्वारा कथित रूप से गोली मारकर हत्या करने के मामले की पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने शनिवार को निंदा की। सिंह ने कहा कि आत्मरक्षा तक में इस तरह की कार्रवाई को सही नहीं ठहराया जा सकता।

सिंह ने कहा कि आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शाम तक बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के लिए है। किसी भी पुलिसकर्मी को कानून का गलत इस्तेमाल करने का हक नहीं है। सिंह पुलिस संवाद प्रोग्राम के तहत राजनगर स्थित आईएमटी कॉलेज पहुंचे थे। संवाद कार्यक्रम में जिले के सभी उपनिरीक्षकों के साथ-साथ आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में जांच के दौरान कथित तौर पर वाहन नहीं रोकने वाले मल्टीनेशनल कंपनी के कर्मचारी 38 वर्षीय विवेक तिवारी को गश्त कर रहे पुलिस कॉन्स्टेबल ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना मध्यरात्रि के बाद डेढ़ बजे के आसपास की है। गश्त कर रहे 2 पुलिसकर्मियों ने उसे वाहन रोकने के लिए कहा था।

Anil Kapoor