DGP ओपी सिंह ने एटीएस के सहायक साहनी की मौत के दिए जांच के आदेश

punjabkesari.in Wednesday, May 30, 2018 - 07:26 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ पी सिंह ने एटीएस के सहायक पुलिस अधीक्षक राजेश साहनी की असामयिक मृत्यु की समस्त परिस्थितियों की जांच आज अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन को सौंपी है।  एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि‘‘पुलिस महानिदेशक ने एटीएस के सहायक पुलिस अधीक्षक राजेश साहनी की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की परिस्थितियों की जांच के आदेश एडीजी लखनऊ जोन राजीव कृष्ण को दिये हैं।

साहनी का अंतिम संस्कार आज यहां भैसाकुंड श्मशान घाट पर किया गया। अंतिम संस्कार उनकी बेटी ने किया। इस मौके पर प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार तथा डीजीपी ओ पी सिंह समेत तमाम आला पुलिस अधिकारी मौजूद थे। साहनी को पुलिस लाइन्स, लखनऊ में गार्ड आफ आनर दिया गया तथा शोक परेड की गयी। इस दौरान पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।   

पुलिस महानिदेशक ने साहनी के पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें पुलिस विभाग की तरफ से हरसम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।   साहनी की मौत के बाद मामले की जांच की मांग राजनीतिक दलों के साथ सोशल मीडिया पर भी जोरशोर से उठ रही थी जिसके बाद डीजीपी ने मामले की जांच के आदेश दिये।   गौरतलब है कि पीपीएस अधिकारी राजेश साहनी ने कल र्सिवस रिवाल्वर से खुद की कनपटी पर गोली मार ली थी। उन्होंने कल अपने कार्यालय में दोपहर लगभग पौने एक बजे खुदकुशी की। साहनी 1992 बैच के प्रांतीय पुलिस सेवा के अधिकारी थे।  पुलिस के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि साहनी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था।   
 

Ruby