पूर्व मंत्री धर्मपाल का छलका दर्द, कहा- भ्रष्टाचार के आरोप साबित हुए तो जेल जाने को हूं तैयार

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2019 - 09:49 AM (IST)

बरेलीः भ्रष्टाचार के आरोप से आहत उत्तर प्रदेश के पूर्व सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके कार्यकाल की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि वह दोषी पाए जाते हैं तो कोई भी सजा भुगतने को तैयार है। इतना ही नहीं वह आंवला विधानसभा क्षेत्र की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे देंगे।

धर्मपाल सिंह मंत्री पद से त्यागपत्र देने के बाद पहली बार बरेली में अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन पर भ्रष्टाचार का कलंक लगा है। वह अब अज्ञात स्थान पर जाना चाहते हैं। वह स्थान अपने घरवालों को भी नहीं बताना चाहते हैं। वह बरेली भी नहीं आना चाह रहे थे, लेकिन समर्थकों के दबाब में यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार की पुष्टि हो जाए तो वह जेल जाने को तैयार है।

उन्होंने समाचार पत्र में छपी खबर का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी बरेली के रामपुर गाडर्न में 700 गज की कोई कोठी नहीं है। जिस कोठी के सामने सभा हो रही है, वह उनके भाई की है। उनका सिंचाई मंत्री पद का कार्यकाल साफ सुधरा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला कुछ अच्छे के लिए ही होगा। गौरतलब है कि, योगी कैबिनेट विस्तार के पहले सिंचाई मंत्री समेत कई मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Deepika Rajput