सपा सरकार बनने पर महिलाओं को लेकर डिंपल यादव ने किया बड़ा एेलान

punjabkesari.in Friday, Feb 10, 2017 - 09:45 AM (IST)

कानपुर:उत्तर प्रदेश के कन्नौज लोकसभा सीट से सांसद और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी ने कहा कि सूबे में समाजवादी पार्टी(सपा) सरकार दोबारा बनी तो महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में उम्र की सीमा समाप्त कर दी जाएगी। यादव ने एशिया के मैनचेस्टर कहे जाने वाले कानपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर नौकरियों में महिलाओं के लिए उम्र की सीमा को समाप्त कर दिया जाएगा। लड़कियों के लिए रोजगार के साधन मुहैया कराए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रणाली में सुधार किए जाएंगे।  उन्होंने कहा कि कि आपके भईया औरों की अपेक्षा बोलते कम हैं, लेकिन अगर कोई काम करने की ठान लेते हैं, तो उसे पूरा करके ही दम लेते हैं।

मैनचेस्टर के नाम से जाना जाता है कानपुर
डिंपल ने कहा कि उन्होंने लखनऊ मेट्रो और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे कम समय में बनवाकर एक उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कानपुर नगर की एक तो देहात की दो सीटों पर महिला प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। कानपुर की महाराजपुर सीट पर उन्होंने सपा प्रत्याशी अरूणा तोमर के लिए वोट मांगे।सांसद ने कहा कि समाजवादियों में कथनी और करनी में अंतर नहीं होता है। कानपुर मैनचेस्टर के नाम से जाना जाता था, लेकिन राजनेताओं की उपेक्षा के चलते आज मिलें बंद पड़ी हैं। सपा सरकार बनी तो इन्हें फिर से शुरू कराए जाने के लिए केंद्र सरकार से नये सिरे से बात की जाएगी।

अखिलेश यादव के नेतृृत्व में बननी चाहिए सरकार
डिंपल यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सूबे की तरक्की और खुशहाली के लिए विकास के बहुत काम किए हैं इसलिए विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में एक बार फिर से अखिलेश यादव के नेतृृत्व में सरकार बननी चाहिए। जनसभा को संबोधित करते हुए फिल्म अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने कहा कि राज्य के विकास के लिए अखिलेश यादव को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह विधानसभा का चुनाव उत्तर प्रदेश के साथ ही देश की राजनीतिक दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार महिलाओं की तरक्की और उनके कल्याण के लिए संकल्पबद्ध है।

नोटबंदी करके मोदी सरकार ने जनता को धोखा दिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे दिन लाने का वायदा करने वाली सरकार ने देश की जनता को धोखा दिया है। नोटबंदी करके केन्द्र सरकार ने देश को मुसीबत में डाल दिया। नोटबंदी से जो परेशानियां हुई है उसका बदला लेने का समय आ गया है। जनसभा को संबोधित करते हुए जया बच्चन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विकास के बहुत काम किए हैं लेकिन अभी बहुत से काम करने बाकी हैं। अखिलेश यादव को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहिए। विधानसभा के इस चुनाव में अखिलेश यादव के बराबर का कोई नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मेरे बेटे जैसे हैं। आप लोगों से अपने बेटे के लिए वोट मांगने आई हूं।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें